गर्मी और लू के कारण चिकित्सकों की छुट्टियां की रद्द
गर्मी और लू संकट के बीच हनुमानगढ़ में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
हनुमानगढ़। जिले में बढ़ती गर्मी एवं लू के प्रकोप तथा राजकीय चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, हनुमानगढ़ डॉ. नवनीत शर्मा द्वारा चिकित्सकों के सभी प्रकार के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आदेश जारी किए कि जो चिकित्सक वर्तमान में मेडिकल लीव पर हैं, उन्हें जिला चिकित्सालय, हनुमानगढ़ में गठित चिकित्सा दल से अपने स्वास्थ्य की जांच करवानी होगी। चिकित्सा दल की अनुशंसा के आधार पर ही आगे अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। अन्य चिकित्सकों को तत्काल मुख्यालय पर उपस्थित रहकर चिकित्सा सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अव्हेलना अथवा कर्तव्यों के पालन में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड गठित करने तथा सभी ब्लॉक एवं उप जिला चिकित्सा अधिकारियों को अवकाश पर जाने वाले चिकित्सकों को मेडिकल बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
.jpg)