मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना
सड़क हादसे में गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले 11 गुड सेमेरिटन को मिली 1 लाख 10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि
जिले में 92 भले व्यक्तियों को मिल चुकी है 8 लाख 55 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के अंतर्गत जिला हनुमानगढ़ में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले 11 गुड सेमेरिटन (भले व्यक्तियों) को 1 लाख 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है। यह राशि गुड सेमेरिटन के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवा दी गई है। राज्य सरकार की तरफ से गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले को प्रशस्ति पत्र के साथ 10 हजार रुपए एवं सामान्य घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले गुड सेमेरिटन को प्रोत्साहन स्वरुप प्रशस्ति पत्र दिया जा रहा है। जिले में अब तक 92 भले व्यक्तियों को 8 लाख 55 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले 11 गुड सेमेरिटन को प्रोत्साहन स्वरुप 1 लाख 10 हजार रुपए उनके बैंक अकाउंट में जमा करवाई गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना का उद्देश्य राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करना है। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर भले व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र एवं 10 हजार रुपए तथा सामान्य घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर प्रशस्ति पत्र दिया जा रहा है। घायल को निकटतम राजकीय अथवा निजी अस्पताल में पहुंचाने वाले गुड सेमेरिटन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने एवं उसकी इच्छानुसार तत्काल अस्पताल से जाने की अनुमति होती है। घायल की मदद करने वाले वाले गुड सेमेरिटन एक से अधिक होने की स्थिति में सभी को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि सभी में समान रूप से विभाजित की जाएगी।
इन्हें मिली प्रोत्साहन राशि
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि हनुमानगढ़ के रहने वाले श्रवण कुमार ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को हनुमानगढ़ टाउन के एमजीएम जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जिसके लिए उन्हें 10 हजार प्रोत्साहन राशि उनके बैंक अकाउंट में जमा करवाई गई। इसी तरह, रावतसर के रहने वाले विशाल, हनुमानगढ़ निवासी राहुल सिंह, रावतसर के अनिल कुमार, रावतसर के कालूराम, पीलीबंगा के विजय सिंह, हनुमानगढ़ के पवन कुमार, संगरिया के राकेश कुमार, संगरिया के जगदीप सिंह, रावतसर के लोकेश कुमार एवं रावतसर के कुलदीप को घायल व्यक्ति की मदद करने एवं उन्हें अस्पताल पहुंचाने पर 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसी प्रकार संगरिया के रहने वाले जगदीप सिंह एवं सुखदीप सिंह को घायल व्यक्ति की मदद करने पर 5000-5000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि अब तक 92 गुड सेमेरिटन को 8 लाख 55 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है।
दुर्घटना में घायल नागरिकों की करें मदद
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति को गोल्डन ओवर में अस्पताल पहुंचाने पर घायल व्यक्ति की जान बचने की सम्भावना काफी बढ़ जाती है, इसलिए घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द अपने नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाएं।
इन्हें नहीं मिलती प्रोत्साहन राशि
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि 108 एम्बूलेंस में कार्यरत कार्मिक, निजी एम्बूलेंस के कर्मचारियों, पीसीआर वैन एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकार्मिकों तथा घायल व्यक्ति के संगे-संबंधियों को इस योजना का लाभ देय नहीं होगा।
