ग्राम रथ अभियान में गांव गांव पहुंच रहा है रथ
ग्राम रथ अभियान के जरिए गांव-गांव पहुंच रहा विकसित राजस्थान का संदेश
श्री सतीश पुनिया ने सांध्य चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं की दी जानकारी
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम रथ अभियान” के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न गांवों में विकास रथ पहुंचे। हनुमानगढ़ दौरे पर आए जनप्रतिनिधि श्री सतीश पुनिया ने मैनावाली में ग्राम रथ का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ विकसित राजस्थान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पहुंचे ग्राम रथों के जरिए ऑडियो-विजुअल माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। रथों के माध्यम से कृषि, पशुपालन, सिंचाई, ऊर्जा, सहकारिता, पंचायतीराज, उद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन सहित 13 विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही है। साथ ही “ग्राम-2026” के तहत आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में अधिकतम भागीदारी का आह्वान भी किया जा रहा है।
![]() |
शेरेकां में संध्या चौपाल, ग्राम स्तर पर समस्याओं का प्राथमिकता से हो रहा है समाधान
संगरिया विधानसभा क्षेत्र के शेरेका गांव में आयोजित सांध्य चौपाल में श्री सतीश पुनिया ने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य खेती में नवाचार, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पशुधन मंगल बीमा योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, डिग्गी अनुदान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। श्री पुनिया ने कहा कि ग्राम स्तर पर प्राप्त समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा तथा आवश्यक मामलों को राज्य स्तर तक पहुंचाकर निस्तारण करवाया जाएगा।
अभियान के दौरान लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं क्विज प्रतियोगिताओं और संवाद कार्यक्रमों के जरिए भी जागरूकता बढ़ाई गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री गुरदीप शाहपीनी, जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू, श्री अमित सहू, श्री बलवीर बिश्नोई, श्रीमती दमयंती बेनीवाल, श्री भारत भूषण, तथा जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कृषकों, पशुपालकों और महिलाओं से किया संवाद
मैनावाली तथा शेरेका में श्री पुनिया ने कृषकों, पशुपालकों और महिलाओं से संवाद किया। कृषकों ने एमएसपी पर फसल खरीद से संबंधित समयसीमा और अधिकतम वजन के संबंध में समस्याओं से अवगत करवाया, जिस संबंध में श्री पुनिया ने मंत्री से बात करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके साथ ही वारदाना से संबंधित समस्याओं पर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर कृषकों ने बजट घोषणाओं में नहरों, माइनरों तथा खालों के जीर्णोद्धार के लिए विशेष बजट के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।




