News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

एचपीवी वैक्सीनेशन महाभियान

एचपीवी वैक्सीनेशन महाभियान

एचपीवी वैक्सीनेशन महाभियान शुक्रवार 15 मई को, घर-घर जाकर टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं स्वास्थ्यकर्मी

बच्चों को विद्यालयों में ही मिल रही एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व की जानकारी

14-15 वर्ष की किशोरियों के लिए जिलेभर में विशेष अभियान जारी, अब तक 1320 का हुआ टीकाकरण

हनुमानगढ़। जिले में 15 मई 2026 को आयोजित होने वाले एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन महाभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। स्वास्थ्यकर्मी अभिभावकों से सम्पर्क कर किशोरियों के टीकाकरण के महत्व की जानकारी दे रहे हैं तथा उन्हें निर्धारित तिथि पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिले में अब तक 1320 बच्चियों का वैक्सीनेशन हो चुका है। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार 15 मई को जिलेभर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए विशेष एचपीवी टीकाकरण महाभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर 14 से 15 वर्ष तक की बच्चियों को नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर घर-घर जाकर लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्कूलों में जाकर बच्चों को एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व, इसके लाभ एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी अभियान में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नि:शुल्क होगा टीकाकरण : 

जिलेभर में बनाए गए वैक्सीनेशन केन्द्रों पर नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर की 21 हजार से अधिक किशोरियों को टीकाकरण के लिए लक्षित किया है। जिले में अब तक 1320 बच्चियों को वैक्सीनेशन किया जा चुका है, जिसमें खण्ड भादरा में 278, खण्ड हनुमानगढ़ में 182, खण्ड नोहर 275, खण्ड पीलीबंगा में 187, खण्ड रावतसर में 174, खण्ड संगरिया में 93 एवं खण्ड टिब्बी में 131 बच्चियों का टीकाकरण हो चुका है। 

सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है एचपीवी वैक्सीन : एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रांति में न आएं और समय पर बेटियों का टीकाकरण करवाएं। 


स्कूलों और घर-घर जाकर किया जा रहा जागरूक : स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालयों में बच्चों को जानकारी देकर एवं समुदाय स्तर पर घर-घर जाकर अभिभावकों को वैक्सीनेशन करवाने के लिए जागरुक कर रहे है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर अभिभावकों को टीकाकरण की तिथि, स्थान और महत्व की जानकारी दे रहे हैं। 

हर वैक्सीनेशन साइट पर विशेष व्यवस्थाएं : 

सभी वैक्सीनेशन केन्द्रों पर चिकित्सा अधिकारी, प्रशिक्षित स्टाफ, कोल्ड चैन प्वाइंट एवं एईएफआई किट उपलब्ध रहेगी। साथ ही बैठने, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.