दिव्यांग सहायता एवं जागरूकता शिविर
दिव्यांगों को सहायक उपकरण व रियायती स्मार्ट कार्ड वितरित
पीलीबंगा। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल एवं पंचायत समिति विकास अधिकारी विनोद कुमार रेगर के मार्गदर्शन में दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, यूडीआईडी कार्ड एवं विभिन्न श्रेणी के रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का लाभ दिलाया।
समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने सेवा को अपना ध्येय बताते हुए कहा कि मानवता की भलाई के लिए कार्य करना ही जीवन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। इसी सेवा भावना के तहत मंगलवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास पीलीबंगा में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय उपखंड क्षेत्र के ग्राम डिंगवाला निवासी जगदीश पुत्र कुंभाराम, जो दोनों पैरों से दिव्यांग होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं, को दिव्यांग सहायक उपकरण ट्राई साइकिल प्रदान की गई। ट्राई साइकिल मिलने से दिव्यांग को दैनिक कार्यों में सुविधा मिलने के साथ उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हनुमानगढ़ के सहयोग से 10 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिक सहित विभिन्न श्रेणी के 15 लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को राजस्थान रोडवेज बसों में यात्रा कर तीर्थ यात्राओं सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।दिव्यांग जगदीश को ट्राई साइकिल उपलब्ध करवाने में छात्रावास अधीक्षक राजकुमार बारूपाल एवं सहायक कर्मचारी शिशपाल का सराहनीय योगदान रहा।
समिति द्वारा लगातार विभिन्न उपखंड क्षेत्रों में पहुंचकर प्रशासन के सहयोग से दिव्यांगों एवं बुजुर्गों की निस्वार्थ भाव से सहायता की जा रही है, जिसकी आमजन द्वारा सराहना की गईं। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण जाखड़ावाली, छात्रावास सहायक कर्मचारी शिशपाल सहित अनेक दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
