News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

जनगणना कार्य का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

जनगणना कार्य का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

जनगणना 2027: जिला कलक्टर ने किया पीलीबंगा में औचक निरीक्षण, अधिकारियों ने परखे क्षेत्रीय कार्य

मकान सूचीकरण कार्य की गुणवत्ता और गति जांचने को लेकर सघन निरीक्षण अभियान

हनुमानगढ़। जनगणना-2027 को लेकर जिले में चल रहे क्षेत्रीय कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का आकलन करने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर मकान सूचीकरण और डेटा संकलन कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने पीलीबंगा शहर के वार्ड संख्या 28 के ब्लॉक संख्या 46 एवं 47 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धरातल पर चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी मकान अथवा परिवार जनगणना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने डेटा एंट्री में पूर्ण सावधानी बरतने और त्रुटिरहित जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने प्रगणकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में आ रही व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी संवाद कर जनगणना के महत्व की जानकारी दी। गर्मी को देखते हुए प्रगणकों को धूप से बचाव के लिए कैप पहनने तथा पानी की बोतल साथ रखने की सलाह भी दी गई। इस दौरान तहसीलदार श्री नवीन गर्ग एवं अधिशाषी अधिकारी उपस्थित रहे।

रावतसर और नोहर में भी हुआ निरीक्षण

जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदी लाल मीना तथा उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. ममता बिश्नोई ने रावतसर और नोहर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड स्टाफ के पास उपलब्ध नजरी नक्शों और मोबाइल एप्लीकेशन में दर्ज की जा रही सूचनाओं की जांच की। अधिकारियों ने प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे स्थानीय नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए सटीक एवं पूर्ण जानकारी एकत्रित करें। निरीक्षण के दौरान रावतसर एसडीएम श्री विनोद गोदारा तथा नोहर एसडीएम श्री राहुल श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

शहरी क्षेत्रों में भी निरीक्षण जारी

हनुमानगढ़ शहरी क्षेत्र में एसडीएम श्री मांगीलाल सुथार एवं नगरपरिषद आयुक्त श्री सुरेन्द्र यादव द्वारा निरीक्षण किया गया। वहीं टिब्बी क्षेत्र में एसडीएम श्री सत्यनारायण सुथार तथा भादरा क्षेत्र में एसडीएम श्री भागीरथ राम ने जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार है। इसलिए जब भी गणनाकर्मी उनके घर आएं तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें।




Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.