वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत 27 मई को होगी सीएसआर कार्यशाला
हनुमानगढ़। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं जिला स्तरीय स्थायी समिति के अंतर्गत 27 मई, 2026 को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव करेंगे। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की महाप्रबंधक श्रीमती आकाशदीप सिद्ध ने बताया कि कार्यशाला में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.0 के अंतर्गत गैप फंडिंग के लिए उद्यमियों एवं कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों को प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में जल उपयोग अंकेक्षण, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत विभिन्न कार्यों की स्वीकृति एवं लोकार्पण, औद्योगिक घरानों एवं सरकारी-निजी कार्यालयों में ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव, ऊर्जा दक्षता तथा ग्रीन बजट जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य जल संरक्षण एवं पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ औद्योगिक एवं कॉर्पोरेट संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
