विशेष ग्राम सभा 29 जून को
29 जून को सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा
वीजी-राम योजना एवं पीएम आवास की प्राथमिकता सूची का होगा अनुमोदन
जयपुर। राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में 29 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।
ग्रामीण सेवा शिविर–2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली इस विशेष ग्राम सभा में वीजी-राम जी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार, विकास कार्यों के प्रस्ताव एवं कार्ययोजनाओं का अनुमोदन, प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के तहत आवास प्लस सर्वे-2024 के आधार पर तैयार प्राथमिकता सूची का अनुमोदन तथा अन्य विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने, लंबित स्वीकृतियों का निस्तारण, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा ग्राम विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने सभी जिला परिषदों एवं पंचायत समितियों को निर्देश दिए हैं कि 29 जून को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं का सफल संचालन सुनिश्चित करते हुए विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना कराई जाए, ताकि ग्राम स्तर पर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

