एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन
30 जून को लगेगा एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर
निजी कंपनियों में युवाओं को रोजगार के अवसर
हनुमानगढ़। कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान (रोजगार विभाग) द्वारा 30 जून, 2026 को उपक्षेत्रीय रोजगार कार्यालय परिसर, हनुमानगढ़ जंक्शन में प्रातः 10 बजे से एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न संस्थाएं भाग लेंगी। निजी क्षेत्र की मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां, फर्टिलाइजर कंपनियां, इंश्योरेंस सेक्टर, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी) सहित विभिन्न संस्थानों द्वारा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में दसवीं, बारहवीं, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन मशीन ऑपरेटर, फील्ड ट्रेनी, सेल्स मैनेजर, बैंक ऑफिसर सहित विभिन्न पदों के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
रोजगार विभाग ने जिले के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा के साथ शिविर में उपस्थित होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
