पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन का राज्यव्यापी महाआंदोलन
पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन का राज्यव्यापी महाआंदोलन
सभी जिला मुख्यालयों पर 08 जून को होगा प्रदर्शन
हनुमानगढ़। पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन (पंजीकृत) राजस्थान के आह्वान पर 08 जून 2026 को प्रदेश के सभी 41 जिला मुख्यालयों पर राज्यव्यापी महाआंदोलन आयोजित किया जाएगा। संगठन द्वारा अपनी लंबित मांगों के समाधान एवं पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला परिषद से जिला कलक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन के “एकता, संघर्ष और स्वाभिमान” की आवाज को बुलंद करने के लिए महाआंदोलन में अधिकाधिक संख्या में कर्मचारी जिला मुख्यालयों पर पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे। रैली के माध्यम से कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के पश्चात मीडिया के समक्ष भी कर्मचारियों की पीड़ा, मांगों एवं विभागीय समस्याओं को विस्तार से रखा जाएगा। संगठन ने सभी कर्मचारियों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों की उपस्थिति ही आंदोलन की दिशा और दशा तय करेगी।
संगठन ने बताया कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा सभी जिलाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं लंबित मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराना है।
