मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना से वंचित परिवारों को जोडऩे के लिए विशेष अभियान शुरू
20 जून तक मिशन मोड में होगा शत-प्रतिशत पॉलिसी रजिस्ट्रेशन,
आशा सहयोगिनियों को प्रतिदिन 5 पंजीयन का लक्ष्य
हनुमानगढ़। जिले में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना से वंचित पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत पॉलिसी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के लिए विशेष मिशन मोड अभियान शरू किया गया है। इस संबंध में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय विभागीय बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों तथा संबंधित फील्ड कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जारी निर्देशों के अनुसार जिले में कार्यरत आशा सहयोगिनियां घर-घर सर्वे कर मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना से वंचित परिवारों की पहचान करेंगी तथा मां योजना ऐप्प एवं जन आधार के माध्यम से उनका पॉलिसी पंजीयन करवाएंगी। अभियान में एएनएम, सीएचओ, आशा सुपरवाइजर एवं अन्य फील्ड स्टाफ भी सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक आशा सहयोगिनी को प्रतिदिन न्यूनतम पांच नए पॉलिसी रजिस्ट्रेशन व नवीनीकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है। आशा सहयोगिनियां अपने दैनिक कार्यों की रिपोर्ट एएनएम एवं सीएचओ के माध्यम से संबंधित चिकित्सा अधिकारी प्रभारी को प्रस्तुत करेंगी। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी द्वारा इन रिपोर्टों का संकलन कर प्रतिदिन संबंधित बीसीएमओ कार्यालय को भेजा जाएगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए ब्लॉक एवं सेक्टर स्तर पर समीक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। आशा सुपरवाइजर सेक्टरवार रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए गूगल लिंक पर प्रत्येक आशा सहयोगिनी की दैनिक रिपोर्ट की प्रविष्टि भी अनिवार्य रूप से करवाई जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 20 जून 2026 तक जिले के सभी पात्र एवं वंचित परिवारों का शत-प्रतिशत पॉलिसी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
आमजन के लिए उपयोगी है मां योजना ऐप्प
राज्य सरकार द्वारा मां योजना ऐप्प प्लेस्टोर पर उपलब्ध कराया गया है। ऐप के माध्यम से जन आधार द्वारा पंजीकरण स्थिति, वॉलेट राशि एवं स्पेशियलिटी-वाइज एम्पैनल्ड अस्पतालों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। डोर-टू-डोर भ्रमण के दौरान प्रत्येक परिवार का जन आधार मां योजना ऐप पर अनिवार्य रूप से जांचें। यदि कोई पात्र व्यक्ति पंजीकृत नहीं है, तो उसे प्रेरित कर माँ योजना में सशुल्क (रुपए 850/-) पंजीकरण सुनिश्चित करें।
ऐप डाउनलोड लिंक: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.maayojana
