पर्यावरण दिवस पर लगाया 'लोकतंत्र का पेड़'
पर्यावरण दिवस पर स्वीप गतिविधियों के तहत लगा ‘लोकतंत्र का पेड़ 2026,
पौधारोपण कर जल एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
टिब्बी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र टिब्बी में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लगाए गए पौधों को ‘लोकतंत्र का पेड़ 2026’ नाम देकर लोकतांत्रिक मूल्यों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुड़िया, डबली खुर्द, तलवाड़ा झील, सहारणी, पन्नीवाली तथा पीरकामड़िया में लोकतंत्र का पेड़ लगाया। पीर कामड़िया में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंसिपल विनोद पुनिया के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। वहीं खाराखेड़ा, 4 केएसपी एवं सलेमगढ़ में प्रधानाचार्य शिव कुमार की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय टिब्बी में कैलाश भंडारी, अरविंदर सिंह, राजपाल एवं सुमित्रा कुमारी ने पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय टिब्बी में भी सुभाष कुमार के नेतृत्व में पौधे लगाए गए।
इसी क्रम में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ के अंतिम दिन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुलचंद्र, राजकीय बालिका विद्यालय बशीर, भूरानपुरा, नाईवाला, मानक टिब्बी एवं तंदूरवाली में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का भी प्रभावी माध्यम है।






