ग्रामीणों को मिला स्वामित्व, मिली राहत
ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों को मिली राहत, स्वामित्व योजना में 7 पट्टे जारी, स्वच्छता एवं विकास कार्यों को मिली गति
टिब्बी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्र में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए सोमवार को ग्राम पंचायत 2KSP में ग्रामीण सेवा शिविर का शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार श्री पतराम गोदारा की अध्यक्षता में सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा आमजन को आवासीय भूखण्ड का स्वामित्व के लिए रंजीत कुमार पुत्र कृष्ण लाल एवं राजकुमार पुत्र नानूराम सहित कुल 7 पट्टे जारी किए। वहीं पट्टों के लिए प्राप्त कुल 40 आवेदनों में से शेष प्रकरणों की प्रक्रिया जारी की। इस मौके पर एसडीएम श्री सत्यनारायण सुथार ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की बात कही।
ग्रामीण स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई तथा 10 सोखता गड्ढों की भी स्वीकृति प्रदान की गई। शिविर में वीबीजीआरएएमजी (VBGRAMG) कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई और अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। राजस्थान पथ परिवहन निगम द्वारा वृद्धजनों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का वितरण भीं किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम विकास से संबंधित एक महत्वपूर्ण कार्य प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु जिला स्तर पर भिजवाया गया, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न 22 विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की। इस मौके पर अतिरिक्त विकास अधिकारी श्री जसवीर सिंह, राजवीर सिंह, आदि मौजूद रहे।


