अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर कार्यशाला
अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित
युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान, गांव-गांव जागरूक करेगी नशा मुक्ति वैन
हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय मेडिकल महाविद्यालय में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला एवं नशा मुक्ति जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि मेडिकेट नशा, कैप्सूल, चिट्टा और पोस्त जैसे मादक पदार्थ युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन समाज, परिवार और शिक्षण संस्थानों की भागीदारी के बिना इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदीलाल मीणा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों पर सतर्क नजर रखने की अपील की।
श्री अमित चौधरी ने कहा कि नशे के खिलाफ सामाजिक आंदोलन की आवश्यकता है और युवाओं को खेल, शिक्षा, योग एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही इस बुराई से दूर रखा जा सकता है।
श्री आशीष पारीक ने कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, संस्कार और परिवार की खुशियों को नष्ट कर देता है। वहीं डॉ. भारत भूषण शर्मा ने युवाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री सुभाष कुमार ने बताया कि 17 जून से प्रारंभ नशा मुक्ति सप्ताह के दौरान पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता सेमीनार, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य जांच शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया। अंत में उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
समारोह के समापन पर अतिथियों ने नशा मुक्ति जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करेगी।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदीलाल मीणा, जनप्रतिनिधि श्री अमित चौधरी, श्री आशीष पारीक, डॉ. भारत भूषण शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री देशराज बिश्नोई, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह शेखावत, राजकीय मेडिकल महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री भीष्म कौशिक ने किया।



