राजकीय विद्यालयों में सहयोग करने वाले दानदाताओं का राज्य एवं जिला स्तर पर होगा सम्मान
जिला स्तरीय भामाशाह एवं प्रेरक सम्मान समारोह
29 जून को गुड डे डिफेंस स्कूल एसकेडी यूनिवर्सिटी हनुमानगढ़ में होगा समारोह
टिब्बी। 29 जून को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें 1 लाख रुपये से 29 लाख 99 हजार 999 रुपये तक का योगदान देने वाले दानदाताओं तथा 5 लाख रुपये से 49 लाख 99 हजार 999 रुपये तक के सहयोग के लिए भामाशाहों को प्रेरित करने वाले प्रेरकों को सम्मानित किया जाएगा।
राजकीय विद्यालयों में विकास कार्यों एवं भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करने पर हनुमानगढ़ जिले के 64 भामाशाहों तथा उन्हें प्रेरित करने वाले 26 प्रेरकों को 29 जून 2026 को प्रातः 10 बजे गुड डे डिफेंस स्कूल, एसकेडी यूनिवर्सिटी रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित जिला स्तरीय भामाशाह एवं प्रेरक सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
टिब्बी ब्लॉक के 9 भामाशाह व 3 प्रेरक होंगे सम्मानित,
टिब्बी के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार अरोड़ा ने बताया कि ब्लॉक के 9 भामाशाह एवं 3 प्रेरक जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में सम्मानित होंगे, जिन्होंने विद्यालयों के विकास एवं संसाधनों की पूर्ति के लिए 9 सरकारी स्कूलों को कुल 29 लाख 43 हजार रुपए का उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी भामाशाहों की बधाई देते हुए कहा कि आपका योगदान आने वाली पीढ़ियों को गौरवान्वित करेगा।
9 स्कूलों को मिले 29 लाख 43 हजार
टिब्बी ब्लॉक से सम्मानित होने वाले भामाशाहों में थालड़का निवासी दलीप कुमार सहारण द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भूरानपुरा को 1 लाख 50 हजार रुपये, डबली कलां निवासी गोपीराम द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय 6 आरपी को 6 लाख रुपये, सूरेवाला निवासी जगीर कौर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरेवाला को 1 लाख 22 हजार रुपये तथा मिर्जावाली मेर निवासी पदमाराम द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मिर्जावाली मेर को 5 लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया गया।
इसी प्रकार 4 केएचआर खाराखेड़ा निवासी रामकुमार द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय 5 केएचआर को 3.50 लाख रुपये, थालड़का निवासी रामकुमार द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भूरानपुरा को 1.50 लाख रुपये, पीरकामड़िया निवासी स्वर्गीय कुलदीप चाहर धर्मपत्नी श्रीमती संतोष व रणवीर सिंह चाहर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीरकामड़िया को कक्षा कक्ष निर्माण हेतु 4.50 लाख रुपये, खाराखेड़ा निवासी संदीप कुमार द्वारा अपने पिता की स्मृति ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खाराखेड़ा को 5.20 लाख रुपये तथा पीरकामड़िया निवासी सुरेश कुमार चाहर द्वारा अपने पिता की स्मृति में लाइब्रेरी हेतु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीरकामड़िया को 1.01 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वाले प्रेरकों में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मिर्जावाली मेर की प्राध्यापक राजकला ने भामाशाह पदमाराम को विद्यालय विकास हेतु 5 लाख रुपये का सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खाराखेड़ा के प्रधानाचार्य विजय सिंह ने भामाशाह संदीप कुमार को 5 लाख 20 हजार रुपये का सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीरकामड़िया के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने भामाशाह रणवीर सिंह चाहर से 4.50 लाख रुपये तथा भामाशाह सुरेश कुमार चाहर से 1.01 लाख रुपये का सहयोग प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षा विभाग ने सभी सम्मानित भामाशाहों एवं प्रेरकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण एवं आवश्यक संसाधनों का विकास संभव हो पाया है।
राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान 29 जून को जयपुर में
जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में 29 जून को होने वाले राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में एक करोड़ रुपये या उससे अधिक राशि का योगदान करने वाले दानदाताओं को “शिक्षा विभूषण” तथा 30 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक का योगदान देने वाले दानदाताओं को “शिक्षा भूषण” सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 50 लाख रुपये या उससे अधिक राशि के लिए भामाशाहों को प्रेरित करने वाले प्रेरकों को भी सम्मानित किया जाएगा।


