राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला
प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान, जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में किसानों को दी गई तकनीकी जानकारी
हनुमानगढ़। कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, कृषि विशेषज्ञों, विभागीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं कृषि भूमि को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत राज्य सरकार किसानों को विभिन्न मदों में अनुदान भी उपलब्ध करा रही है। कार्यशाला में जैविक एवं प्राकृतिक खेती के अंतर तथा प्राकृतिक खेती के लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कृषि विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती की तकनीकों पर विस्तृत जानकारी देते हुए देशी गाय आधारित कृषि, जैव मल्चिंग, सूक्ष्म जीवों की भूमिका, वापसा तकनीक तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व को समझाया। साथ ही ट्राइकोडर्मा, स्यूडोमोनास एवं माइकोराइजा जैसे जैव एजेंटों के उपयोग से रसायनमुक्त खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। किसानों से कम से कम एक एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की गई।
कार्यशाला में प्राकृतिक खेती कर रहे प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आने के साथ मिट्टी की उर्वरता और फसलों की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। किसानों को जहरमुक्त कृषि उत्पादों के उत्पादन एवं विपणन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू, श्री अमित सहू, पूर्व विधायक श्री धर्मेंद्र मोची, श्री सुनील बैनीवाल, डॉ. भारत भूषण शर्मा, श्री लेखराम जोशी, सेवानिवृत्त कृषि उप निदेशक श्री जयनारायण बैनीवाल, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. प्रमोद कुमार यादव, डॉ. चन्द्रशेखर शर्मा, कृषि उप निदेशक एटीसी डॉ. शीशराम ढीकवाल, कृषि उपनिदेशक श्री सुभाषचन्द्र डूडी, उप निदेशक उद्यान डॉ. रमेश चन्द्र बराला मौजूद रहे।
साथ ही, प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक श्री कानाराम, श्री बलजिन्द्र सिंह, श्री भगवान सिंह खूडी, श्री पूर्णराम गोदारा सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला का संचालन सहायक कृषि अधिकारी श्री मोहनसिंह मान ने किया।



