चाहूवाली ग्रामीण सेवा शिविर में विधवा महिला को मिली राहत
विधवा महिला सोनी को दिया पालनहार योजना का लाभ, दो बच्चों की शिक्षा व अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति में होगी सुविधा
टिब्बी। राज्य सरकार द्वारा जन जन की सेवा एवं कल्याण के लिए आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान से खुशी दे रहे हैं। चाहूवाली में गुरुवार को आयोजित शिविर में एक जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत मिली। शिविर में मुरझाया चेहरा लेकर आई विधवा महिला सोनी ने शिविर प्रभारी किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या को बताया तो उसे पालनहार योजना का लाभ दिया तो अपने चेहरे पर मुस्कराहट लेकर गई। उसके पति की चार वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। पति के निधन के बाद वह अपने दो बच्चों के पालन-पोषण के लिए संघर्ष कर रही थी तथा पालनहार योजना का लाभ लेने हेतु कई बार ई-मित्र केंद्रों के चक्कर लगाकर परेशान हो चुकी थी। जब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को सोनी की समस्या की जानकारी मिली तो उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए शिविर में बुलवाया। शिविर में उसका पालनहार योजना के अंतर्गत आवेदन करवाया गया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर तत्काल स्वीकृति जारी कर दी गई। योजना की स्वीकृति मिलने से अब सोनी के दोनों बच्चों को पालन-पोषण हेतु प्रतिमाह 3000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। इससे परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा तथा बच्चों की शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलेगी। सोनी ने राज्य सरकार एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से उसकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है और अब उसके बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित हो सकेगा। इस अवसर पर भाजपा नेत्री गुलाब सिंवर, शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी जसवीर सिंह, नायब तहसीलदार सूर्यदेव स्वामी तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के वरिष्ठ सहायक संदीप मील सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
