नशामुक्ति जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में पौधारोपण एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान
युवाओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प
हनुमानगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत हनुमानगढ़ एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, हनुमानगढ़ जंक्शन में 15 से 21 जून, 2026 तक पौधारोपण एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज निर्माण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के दौरान शुक्रवार को युवाओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृद्धजनों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जनहित के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्रीमती प्रीति तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह ने युवाओं को नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा समाज में बदलाव लाने की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।


