तबादलों पर से प्रतिबंध हटा
राजस्थान में तबादलों पर से प्रतिबंध हटा, 5 जुलाई तक होंगे स्थानांतरण
जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य के राजकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्थानांतरण (तबादला) प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 19 जून 2026 से 5 जुलाई 2026 तक स्थानांतरण पर लगाया गया प्रतिबंध हटाया गया है, जिससे विभिन्न विभागों में तबादले किए जा सकेंगे।
आदेश के अनुसार शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी वेतन श्रृंखला के अध्यापकों तथा वर्षाकाल में संभावित बीमारियों को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों पर स्थानांतरण प्रतिबंध आगामी आदेशों तक यथावत रहेगा।
सरकार ने स्थानांतरण प्रक्रिया में एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता, मेडिकल बोर्ड अथवा सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रमाणित गंभीर एवं असाध्य रोगों से पीड़ित कार्मिकों, दिव्यांग कर्मचारियों, दीर्घावधि सेवा करने वाले कार्मिकों तथा राजकीय सेवा में कार्यरत पति-पत्नी प्रकरणों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
यह आदेश राज्य के सभी निगमों, मंडलों, बोर्डों एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं पर भी लागू होगा। सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से तबादलों की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
