आंगनबाड़ी केंदों के लिए उपयोगी ‘पंखुड़ी पोर्टल’
आंगनबाड़ी केंद्रों की जरूरतें पूरी करने में सहायक बनेगा ‘पंखुड़ी पोर्टल’
व्यक्तिगत, एनआरआई, एनजीओ एवं सीएसआर संस्थाएं दे सकेंगी योगदान
हनुमानगढ़। भारत सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित संस्थाओं की आधारभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ‘पंखुड़ी पोर्टल’ विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से व्यक्तिगत दानदाताओं, अनिवासी भारतीयों (एनआरआई), गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) संस्थाओं को योगदान देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग उपनिदेशक श्रीमती ज्योति ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकृत दानदाता आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण, मरम्मत, नवीनीकरण, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएं, विद्युतीकरण, फर्नीचर, खेल सामग्री, रसोई शेड, भंडारण इकाइयों तथा डिजिटल संसाधनों जैसे मोबाइल, टैबलेट, एलईडी स्क्रीन एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए सहयोग प्रदान कर सकेंगे। इसके अलावा शिक्षण सामग्री, ईसीसीई किट, डिजिटल लर्निंग टूल्स, प्रशिक्षण एवं जागरूकता सामग्री जैसे सॉफ्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में भी योगदान किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप पंखुड़ी पोर्टल पर प्रस्ताव अपलोड करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। महिला पर्यवेक्षक अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों की जरूरतों के आधार पर प्रस्ताव तैयार करेंगी, जबकि संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) इन प्रस्तावों का परीक्षण एवं अनुमोदन करेंगे।
उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित प्रस्ताव पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। प्रस्तावों की प्राथमिक जांच जिला स्तर पर की जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
महिला पर्यवेक्षकों एवं परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव शीघ्रता से तैयार कर पोर्टल पर अपलोड एवं अनुमोदित करें, ताकि जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं एवं दानदाताओं के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण किया जा सके।
