शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं का मिला व्यापक लाभ
ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक लाभ, 24 हजार से अधिक लोगों का उपचार
154 शिविरों में टीबी, एनसीडी एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
हनुमानगढ़। जिला प्रशासन हनुमानगढ़ द्वारा संचालित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर राहत पहुंचा रहा है। 12 जून से 24 जून 2026 तक जिले में आयोजित 154 सेवा शिविरों (89 ग्रामीण एवं 65 शहरी) में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 24,839 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया।
![]() |
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच, गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, टीबी जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शिविरों में कुल 13,819 पुरुष एवं 11,029 महिलाओं (कुल 24,839) का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 856 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई तथा 561 बच्चों का टीकाकरण किया गया। गैर संचारी रोगों की रोकथाम एवं समय पर पहचान के उद्देश्य से 30 वर्ष से अधिक आयु के 15,621 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 1,544 संभावित उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह रोगियों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए परामर्श दिया गया। इसके अतिरिक्त 6,760 महिलाओं की ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 17,540 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 77 संभावित टीबी रोगियों की पहचान की गई। शिविरों में टीबी नियंत्रण एवं जागरूकता के लिए 70 नए निक्षय मित्र भी बनाए गए। पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत शिविरों में 104 पोषण किट वितरित की गईं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के तहत 172 ई-केवाईसी तथा 147 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे पात्र परिवारों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने बताया कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष रूप से टीबी उन्मूलन, गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आयुष्मान भारत योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी शिविरों में भी अधिकाधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय टीमों द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं।



