राजस्व विभाग ने शिविर में किसानों को दी बड़ी सौगात:
सहारणी में तीन संयुक्त खातों का 15 खातों में विभाजन, 22 कृषक लाभान्वित,
तलवाड़ा झील में एक ही किसान के तीन कृषि खातों में नाम अशुद्धि को किया दुरुस्त
टिब्बी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में किसानों की वर्षों पुरानी राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। ग्राम पंचायत सहारणी में बुधवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व विभाग ने आपसी सहमति से तीन संयुक्त कृषि खातों का विभाजन कर 15 अलग-अलग खाते बनाए, जिससे 22 कृषकों को सीधा लाभ मिला। वही तलवाड़ा झील में आयोजित शिविर में एक ही कृषक के तीन कृषि खातों के राजस्व अभिलेखों में नाम अशुद्धि की समस्या का समाधान कर राहत प्रदान की।
ग्राम पंचायत सहारणी शिविर में चक 5 सीडीआर के 5 बीघा भूमि वाले संयुक्त कृषि खाते का दो भाइयों के बीच आपसी सहमति से विभाजन किया, चक 6 केएचआर (खाराखेड़ा) स्थित 18 बीघा भूमि के संयुक्त खाते का सात कृषकों में तथा चक 15 सीडीआर (सुरेवाला) स्थित 123 बीघा भूमि के संयुक्त खाते का छह कृषकों में विभाजन किया गया। इस प्रकार कुल 146 बीघा भूमि से संबंधित तीन संयुक्त खातों को आपसी सहमति के आधार पर 15 अलग-अलग खातों में विभाजित कर 22 कृषकों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार श्री पतराम गोदारा, भू अभिलेख निरीक्षक श्री राम सिंह शेखावत, पटवारी राधेश्याम व प्रशासक श्री संदीप कड़वासरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तलवाड़ा झील में आयोजित शिविर में उपखंड अधिकारी (राजस्व) टिब्बी श्री सत्यनारायण सुथार द्वारा एक ही कृषक के तीन कृषि खातों के राजस्व अभिलेखों में दर्ज नाम संबंधी त्रुटि का निस्तारण कर किसान को बड़ी राहत प्रदान की। तलवाड़ा झील के कृषक बलवीर सिंह पुत्र अनोख सिंह की चक 5 TLW, 1 TLWB एवं 3 TLW की कृषि खाते में खाताधारक के नाम में दर्ज त्रुटि को राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम, 1956 की धारा 136 के तहत सुधारते हुए शुद्ध प्रविष्टि दर्ज करने के आदेश जारी कर राहत दी। इस अवसर पर एसडीएम सत्यनारायण सुथार, शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार सूर्यदेव स्वामी मौजूद रहे।
कृषि खाता विभाजन व खाते में नाम अशुद्धि को सही करने पर लाभान्वित कृषकों ने राज्य सरकार एवं राजस्व विभाग का आभार व्यक्त किया। कृषकों ने बताया कि अब वे कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण सुविधा तथा अन्य सरकारी लाभकारी कृषि योजनाओं का आसानी से लाभ उठा सकेंगे। ग्रामीण सेवा शिविर में शिविर प्रभारी ने कृषकों को खाता विभाजन व नाम दुरुस्तीकरण का आदेश प्रदान किया तो लाभान्वित किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक ही स्थान पर उपलब्धता से आमजन के कार्य त्वरित एवं सरलता से संपन्न हो रहे हैं। जिससे राज्य सरकार की सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा की मंशा धरातल पर साकार होती दिखाई दे रही है।



