News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सख्ती

वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सख्ती

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का शिकंजा

16 वाहन किए जब्त, एसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान; नाबालिग चालकों पर भी होगी सख्त कार्रवाई

हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कुल 16 वाहनों को जब्त (सीज) किया गया।

यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 13 मोटरसाइकिल, एक कार तथा दो ऑटो (तीन पहिया वाहन) सीज किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों के दस्तावेजों की भी जांच की तथा यातायात नियमों की पालना करने के निर्देश दिए।

यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण शराब पीकर वाहन चलाना है। ऐसे चालकों के कारण न केवल उनकी अपनी जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में लगातार अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब समझाइश का दौर समाप्त हो चुका है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।


अनिल चिन्दा ने बताया कि आगामी दिनों में विद्यालय खुलने वाले हैं। इसे देखते हुए स्कूलों के आसपास विशेष नाकाबंदी की जाएगी। यदि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे वाहन चलाते पाए गए तो उनके विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

यातायात पुलिस ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन करने की अपील की है।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.