जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह
जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में शिक्षा के लिए समर्पित दानदाताओं का हुआ सम्मान
60 भामाशाहों और 24 प्रेरकों का सम्मान
हनुमानगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन में सोमवार को जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के विकास में वित्तीय सहयोग देने वाले 60 भामाशाहों को ‘शिक्षा श्री सम्मान’ तथा दानदाताओं को प्रेरित करने वाले 24 व्यक्तियों को ‘प्रेरक सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
![]() |
सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला ने बताया कि जिले के तीन दानदाताओं को राज्य स्तरीय ‘शिक्षा भूषण सम्मान’ तथा एक प्रेरक को राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया गया है। इस वर्ष जिले के कुल 63 भामाशाहों ने शिक्षा के क्षेत्र में 4 करोड़ 5 लाख 81 हजार 533 रुपए का योगदान दिया है, जो गत वर्ष प्राप्त 1 करोड़ 84 लाख 17 हजार 716 रुपए की तुलना में लगभग 2 करोड़ 21 लाख 63 हजार 817 रुपए अधिक है।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने दानदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए घोषणा की कि भामाशाहों द्वारा विद्यालयों में किए गए कार्यों एवं योगदान का संक्षिप्त वीडियो प्रतिदिन जिला कलक्टर कार्यालय में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) श्री च्यानण मल भार्गव ने जिले में भामाशाहों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
समारोह में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद कुमार डेलू, श्री प्रदीप ऐरी, श्री विकास गुप्ता, श्री संजय शर्मा, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री पन्नालाल कड़ेला एवं अन्य अतिथियों ने सम्मानित भामाशाहों को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों, भामाशाहों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री भीष्म कौशिक एवं श्रीमती सरिता राघव ने किया।


