News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

मानसून पूर्व तैयारियां करने के निर्देश

मानसून पूर्व तैयारियां करने के निर्देश

29 जून से खुलने वाले विद्यालयों में सुरक्षा और आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

बीकानेर। ग्रीष्मावकाश के बाद 29 जून 2026 से विद्यालय खुलने के मद्देनज़र प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, राजस्थान, बीकानेर ने प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ की सुरक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों तथा सीबीईओ को निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

निर्देशों के अनुसार विद्यालय खुलने से पूर्व भवनों की छतों की सफाई, नालियों एवं वर्षा जल निकासी व्यवस्था की मरम्मत, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की नियमित सफाई, बिजली की वायरिंग की जांच तथा परिसर में जलभराव रोकने के आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। विद्यालय भवनों की नींव के आसपास पानी जमा नहीं होने दिया जाएगा तथा प्लास्टर उखड़ने, दीवारों में दरार या अन्य संरचनात्मक क्षति मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जर्जर अथवा असुरक्षित भवनों, कमरों एवं अन्य संरचनाओं में विद्यार्थियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे भवनों की बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक सुरक्षित कक्षों में शिक्षण व्यवस्था संचालित की जाएगी। जर्जर भवनों को प्राथमिकता से ध्वस्त कराने एवं सुरक्षित रूप से हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विद्यालयों में आपदा प्रबंधन योजना तैयार कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आग, भूकंप, बिजली, बाढ़, सड़क दुर्घटना तथा अन्य आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों का तकनीकी मूल्यांकन कर आवश्यक मरम्मत प्रस्ताव भेजे जाएंगे।

निर्देशों में विद्यालयों के निकट अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस थाना एवं अग्निशमन केंद्र के संपर्क विवरण उपलब्ध रखने, स्वच्छ पेयजल एवं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की नियमित सफाई, शौचालयों में रनिंग वाटर की व्यवस्था तथा खेल मैदान एवं विद्यालय भूमि के आवंटन संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी विशेष बल दिया गया है।

निदेशक ने सभी शिक्षा अधिकारियों को केवल प्रमाण-पत्रों के आधार पर कार्यवाही नहीं करने, बल्कि अधिक से अधिक विद्यालयों का स्वयं निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा सभी निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.