शिक्षक आक्रोश रैली
2010 पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा अधिकारों की रक्षा हेतु कल शिक्षक आक्रोश रैली, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा), जिला हनुमानगढ़ के तत्वावधान में वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा अधिकारों की रक्षा एवं टीईटी अनिवार्यता के विरोध में 18 जून 2026 (गुरुवार) को शिक्षक आक्रोश रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महासंघ के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन केवल टीईटी अनिवार्यता के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता, पदोन्नति, स्थानांतरण, वेतन विसंगतियों के समाधान तथा अन्य वैधानिक अधिकारों की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। शिक्षकों के हितों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जिले भर के शिक्षक एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 11:00 बजे पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) कार्यालय, हनुमानगढ़ पर शिक्षक एकत्रित होंगे। इसके पश्चात शिक्षक आक्रोश रैली के रूप में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
महासंघ ने जिले के समस्त शिक्षक साथियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा है कि शिक्षक समाज की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। संगठन का मानना है कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि "जब शिक्षक एकजुट होता है, तब समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है" तथा "शिक्षक का सम्मान – राष्ट्र का अभिमान" के संकल्प के साथ सभी शिक्षक साथी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
