News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

पीएम इंटर्नशिप योजना

पीएम इंटर्नशिप योजना

पीएम इंटर्नशिप योजना का होगा प्रभावी क्रियान्वयन, अधिकाधिक युवाओं को मिलेगा लाभ

हनुमानगढ़। भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत युवाओं को देश की प्रमुख कंपनियों में इंटर्न के रूप में प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगारोन्मुख कौशल विकसित करने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक युवाओं तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कौशल विकास, नियोजन, श्रम, उद्योग, महाविद्यालय शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभागों के मध्य समन्वय को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

योजना के नोडल प्रभारी एवं उप निदेशक प्रशिक्षण श्री जीतसिंह यादव ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के प्रावधानों, पात्रता, प्रशिक्षण अवसरों तथा युवाओं को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित होने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।

जिला कलक्टर ने जिले में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा शैक्षणिक संस्थानों और संबंधित विभागों के माध्यम से युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के युवाओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे, ताकि उन्हें रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.