विशेष हवन एवं पूजन कार्यक्रम
प्रदेश की खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना को लेकर जिले के मंदिरों में हुए विशेष हवन एवं पूजन कार्यक्रम
हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिला एवं उपखंड स्तर पर स्थित राजकीय प्रबंधित तथा पंजीकृत प्रन्यासों के मंदिरों में बुधवार को प्रदेश की खुशहाली, जनकल्याण एवं लोकमंगल की कामना के लिए विशेष हवन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने प्रदेश की समृद्धि, सुख-शांति और सर्वजन कल्याण की मंगलकामना की।
जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ में राजकीय आत्मनिर्भर मंदिर श्री भद्रकाली जी, 08 एचएमएच में विशेष हवन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू, जनप्रतिनिधि श्री अमित सहू, श्री भारत भूषण शर्मा, उपखंड अधिकारी श्री मांगीलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश के सुख, समृद्धि और लोककल्याण की प्रार्थना की।
इसी प्रकार श्रीगंगानगर जिला स्तर पर पंजीकृत प्रन्यास जगदम्बा अंध विद्यालय मंदिर परिसर में विशेष हवन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर सिंह बराड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर, श्री रामकुमार सोनी, तहसीलदार सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देवस्थान विभाग के तत्वावधान में जिले एवं उपखंड मुख्यालयों पर स्थित प्रमुख मंदिरों में भी विशेष हवन एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रमों में धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
देवस्थान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, धार्मिक आस्था और लोकमंगल की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।


