जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नारी चौपाल
नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित
महिलाओं के सशक्तिकरण एवं जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर
हनुमानगढ़। महिलाओं के नेतृत्व एवं निर्णय क्षमता को बढ़ावा देने, राजकीय योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिले में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला परिषद के नजदीक स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित महिला केन्द्रित योजनाओं एवं सेवाओं पर संवाद आयोजित किया गया। साथ ही बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा, एनीमिया नियंत्रण, लिंगानुपात सुधार तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सर्वाइकल कैंसर पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं सूचना आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया। साथ ही महिला संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सहायता केन्द्रों एवं सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला स्तर पर 310 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जबकि जिले के समस्त ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों में 750 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनकी भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाना रहा। एसीपी श्री आशीष सिहाग, चिकित्सक डॉ. नेहा, न्यायिक अधिकारी डॉ. मीनाक्षी ने जागरूकता व्याख्यान दिए।
इस दौरान कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू, पूर्व विधायक श्री धर्मेंद्र मोची, श्रीमती दमयंती बेनीवाल, श्री देवेंद्र पारीक, जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई, राजीविका डीपीएम श्री वैभव अरोड़ा, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, आईसीडीएस उपनिदेशक श्रीमती ज्योति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




