एमएसपी पर गेंहू खरीद के लक्ष्य को बढ़ाकर किसानो को मिली राहत
राज्य सरकार ने दी किसानों और व्यापारियों को बड़ी राहत
एमएसपी पर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया, 14 दिन पुराने निरस्त स्लॉट भी हुए पुनः सक्रिय
हनुमानगढ़। राज्य सरकार ने जिले में किसानों व व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद के लिए पूर्व निर्धारित लक्ष्य को पुनः बहाल कर दिया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा खरीद केंद्रवार समीक्षा के बाद जिले का खरीद लक्ष्य बढ़ाकर 8 लाख 21 हजार मैट्रिक टन कर दिया गया है, जिससे किसानों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।
संशोधित लक्ष्यों के तहत जिले के किसी भी खरीद केंद्र के लक्ष्य में कटौती नहीं की गई है। लक्ष्य वृद्धि के बाद सभी खरीद केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सकेगी तथा खरीद संबंधी किसी प्रकार का गतिरोध नहीं रहेगा। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी।
14 दिन पुराने स्लॉट निरस्त होने से आ रही थी परेशानी
पिछले दिनों 14 दिन से अधिक पुराने खरीद स्लॉट स्वतः निरस्त हो जाने के कारण बड़ी संख्या में किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा जा रहा था। किसान हित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 14 दिन की समय सीमा को समाप्त कर दिया है। अब पूर्व में जारी स्लॉट केवल समय सीमा पूरी होने के कारण निरस्त नहीं होंगे, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में अतिरिक्त राहत मिलेगी।
8 हजार किसानों को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार के इस निर्णय से जिले के करीब 8 हजार किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। किसान संगठनों एवं व्यापारियों ने खरीद लक्ष्य बढ़ाने और स्लॉट संबंधी राहत देने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसान हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। इससे जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद प्रक्रिया और अधिक सुगम एवं प्रभावी होगी।
डबली राठान खरीद केंद्र पर पर गेहूं खरीद के लक्ष्य को किया रिवाइज्ड
डबली राठान खरीद केंद्र पर एमएसपी पर गेहूं खरीद का पूर्व में लक्ष्य 16648 मैट्रिक टन था, जिसे 1 जून, 2026 को रिवाइज्ड कर 11,280 मैट्रिक टन कर दिया गया था। परंतु राज्य सरकार ने डबली राठान खरीद केंद्र के गेहूं खरीद लक्ष्य को पुनः संशोधित कर 16648 मैट्रिक टन के लक्ष्य को निर्धारित किया गया है।
