दिव्यांग एवं जरूरतमंदों के लिए सहायता शिविर
दिव्यांगों को प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, ट्राई साइकिल व रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का मिला लाभ
हनुमानगढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हनुमानगढ़ डॉ. नवनीत शर्मा एवं उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार के मार्गदर्शन में दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति द्वारा दिव्यांगजनों को दिव्यांग उपकरण, मेडिकल प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड का लाभ प्रदान किया गया।
समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने बताया कि "सेवा ही परम धर्म" की भावना को आत्मसात करते हुए पीड़ित, असहाय एवं गरीब व्यक्तियों की सहायता करना मानव का सर्वोच्च धर्म है। मानवता की भलाई हेतु कार्य करना ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है। इसी सेवा भावना के तहत समिति द्वारा गुरुवार को जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन में डबलीराठान, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, संगरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित 16 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण-पत्र का लाभ मौके पर ही दिलवाया गया।
जिला चिकित्सालय के उप-नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार जांगिड़ की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड टीम द्वारा आवश्यक जांच प्रक्रिया पूर्ण कर प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से चलने-फिरने में असमर्थ एक दिव्यांगजन को सहायक उपकरण के रूप में ट्राई साइकिल प्रदान की गई, जिससे लाभार्थी के चेहरे पर खुशी झलक उठी।
समिति द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 35 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से विभिन्न श्रेणी के रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड उपलब्ध करवाए गए। साथ ही उपस्थित दिव्यांगजनों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकरलाल सोनी एवं हनुमानगढ़ पंचायत समिति के पूर्व उप-प्रधान राजेंद्र प्रसाद ने समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण एवं उनकी टीम द्वारा दिव्यांगजनों की निस्वार्थ भाव से की जा रही सेवा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। गौरतलब है कि दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति लंबे समय से दिव्यांगों एवं बुजुर्गों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसकी आमजन द्वारा भी सराहना की जा रही है।
इस अवसर पर डॉ. शंकरलाल सोनी, डॉ. अशोक कुमार जांगिड़, राजेंद्र प्रसाद, अशोक कुमार शर्मा, हेमंत शाक्य, विनोद सेवादार, अधिकार मित्र जगदीश डूडी, देवेंद्र सुथार, कालूराम मोरवाल तथा युवा समाजसेवी त्रिलोकचंद चांवरिया सहित अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में समिति द्वारा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।



