खाद्य सुरक्षा दिवस पर जन-जागरूकता शिविर
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर जन-जागरूकता शिविर आयोजित
हनुमानगढ़। आयुक्त खाध सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक डा. टी. शुभमगलां के निर्देशानुसार व मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डा. नवनीत शर्मा के मार्गदर्शन मे विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर जिला हनुमानगढ़ में आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन परिसर में जन-जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा लोगों को गुड फूड एवं बैड फूड की पहचान, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित भोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ जीवन के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन अत्यंत आवश्यक है तथा खाद्य पदार्थों के क्रय एवं उपयोग के समय आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा आईईसी (IEC) सामग्री का वितरण भी किया गया। साथ ही आमजन को डॉट बुक उपलब्ध करवाई गई, जिसमें विभिन्न खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट की जांच की सरल विधियां दी गई हैं। इन विधियों के माध्यम से आम नागरिक घर पर ही खाद्य पदार्थों में संभावित मिलावट की प्रारंभिक जांच कर सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा टीम ने लोगों से अपील की कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण एवं मानकयुक्त खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य मिलावट की सूचना संबंधित विभाग को दें। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, लैब सहायक पवन कुमार, सुभाष कुमार एवं वाहन चालक निहाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यात्रियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

