पीएचसी लीलांवाली हुआ क्वालिटी सर्टिफाइड
आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी लीलांवाली को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन
जिले में क्वालिटी सर्टिफाइड चिकित्सा संस्थानों की संख्या बढ़कर हुई 52
केंद्र को मिलेगा 3 लाख रुपये वार्षिक प्रोत्साहन
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन सर्टिफिकेशन (एनक्यूएएस) के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लीलांवाली को सफलतापूर्वक प्रमाणन प्राप्त हुआ है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के मार्गदर्शन में जिले में गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व जिले में 51 चिकित्सा संस्थान क्वालिटी सर्टिफाइड थे, वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी लीलांवाली के प्रमाणित होने से अब यह संख्या बढ़कर 52 हो गई है। डॉ. शर्मा ने बताया कि एनक्यूएएस के अंतर्गत नेशनल सर्टिफाइड चिकित्सा संस्थानों में पीएचसी को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रति वर्ष प्राप्त होगी। उन्होंने इस उपलब्धि पर उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा एवं रावतसर बीसीएमओ एवं एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. मनिन्द्र सिंह सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा एवं एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. मनिन्द्र सिंह ने बताया कि इस प्रमाणन प्रक्रिया में जिला क्वालिटी टीम सदस्य आयुष्मान नेशनल असेसर एवं नर्सिंग ऑफिसर धर्मपाल छींपा, इंटरनल एसेसर एवं फार्मासिस्ट सन्नी ग्रोवर, इंटरनल एसेसर एवं बीपीओ कृष्ण टाक, सीएचओ संजय सिराव सहित संबंधित ब्लॉक टीम सदस्यों और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सराहनीय योगदान दिया गया। उन्होंने बताया कि खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि खीचड़ और आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लीलांवाली के चिकित्सा प्रभारी डॉ. सिमरन अरोड़ा एवं समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सर्टिफिकेशन प्राप्त किया जा सका।
जिले में अब तक 52 चिकित्सा संस्थान एनक्यूएएस सर्टीफाइड
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एमजीएम जिला अस्पताल सहित जिले के कुल 52 चिकित्सा संस्थान एनक्यूएएस सर्टिफाइड होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में जिले की नई पहचान बना रहे हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावतसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगरिया ने मुस्कान नेशनल सर्टिफिकेशन प्राप्त कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रमाणन हासिल किया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़, उप जिला चिकित्सालय नोहर, सीएचसी रावतसर एवं पीएचसी खोथावाली के साथ साथ 5 उप स्वास्थ्य केंद्रों के सर्टिफिकेशन अवधि पूर्ण होने के कारण वर्तमान में रिसर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में हैं। इसके साथ ही 26 चिकित्सा संस्थानों का नेशनल असेसमेंट माह जून और जुलाई 2026 में प्रस्तावित है।
