News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

अटल जन सेवा शिविर

अटल जन सेवा शिविर

प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को होगा अटल जन सेवा शिविर

एसडीएम ने ब्लॉक अधिकारियों को आमजन की समस्याओ का त्वरित समाधान के दिए निर्देश

टिब्बी। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट टिब्बी मंगीलाल आर्य ने अटल जन सेवा शिविरों के आयोजन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को पंचायत समिति टिब्बी के वीसी कक्ष में अटल जन सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से सायं 4:30 बजे तक अथवा जनसुनवाई पूर्ण होने तक निर्धारित किया गया है। शिविर में विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की परिवेदनाओं एवं समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।

आदेश में ग्रामीण क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी विकास अधिकारी पंचायत समिति टिब्बी तथा शहरी क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी नगरपालिका टिब्बी को सौंपी गई है। शिविर में प्राप्त परिवेदनाओं का विधिवत पंजीकरण, रसीद वितरण तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

उपखंड अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि शिविर में प्राप्त मामलों का पूर्व परीक्षण कर संबंधित विभागों को समय पर सूचना दी जाए, ताकि शिविर के दौरान अधिकतम मामलों का समाधान संभव हो सके। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं परिवेदनाओं को उसी दिन संपर्क पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा तथा रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रेषित की जाएगी।

आदेश के अनुसार जिन मामलों का निस्तारण शिविर दिवस पर संभव नहीं होगा, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। साथ ही सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्र में शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उपखंड अधिकारी ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट, प्रमुख समस्याओं तथा उनके समाधान संबंधी सुझावों के साथ शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। शिविर के दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, पेयजल उपलब्धता, भीषण गर्मी के मद्देनजर किए गए प्रबंध, गेहूं खरीद, हरियालो राजस्थान अभियान, बिजली-पानी सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागीय विषयों की समीक्षा भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अटल जन सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर सुशासन की अवधारणा को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.