शिक्षक नहीं है तो क्या हुआ, पढ़ाई नहीं रुकेगी
टिब्बी ब्लॉक में अंग्रेजी के 14 वरिष्ठ अध्यापकों के पद रिक्त,
गर्मी की छुट्टियों में व्हाट्सएप ग्रुप से हो रही है पढ़ाई
टिब्बी । ब्लॉक के 14 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अंग्रेजी विषय के वरिष्ठ अध्यापकों के पद रिक्त चल रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग ने अनूठी पहल की है।
इन 14 स्कूलों में पद रिक्त
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलेमगढ़, शेरेका, चंदूरवाली, मेहरवाला, राठीखेड़ा, सहारनी, पन्नीवाली, नाईवाला, कुलचंद्र, मलडखेड़ा, मानक टिब्बी, खारा खेड़ा, डबली खुर्द और 2 KSP में अंग्रेजी वरिष्ठ अध्यापक का एक-एक पद खाली है।
ग्रीष्मावकाश में भी जारी है पढ़ाई
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षक भर्ती होने तक बच्चों की अंग्रेजी कमजोर न पड़े, इसलिए ग्रीष्मावकाश में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निरंतर अभ्यास करवाया जा रहा है।
1. विषय विशेषज्ञ दें रहे ऑनलाइन गाइडेंस:
ब्लॉक स्तर के अंग्रेजी विषयाध्यापक रोज ग्रुप में नोट्स, वीडियो लेक्चर और वर्कशीट शेयर करेंगे।
2. होमवर्क अनिवार्य:
छात्रों को रोज होमवर्क मिलेगा जिसे पूरा कर ग्रुप में भेजना होगा।
3. पारितोषिक से बढ़ेगा उत्साह :
समय पर होमवर्क भेजने और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल खुलने पर पारितोषिक देकर सम्मानित किया जाएगा।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
सीबीईओ ने सभी 14 गांवों के अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ें और रोज होमवर्क पूरा करवाएं। उन्होंने कहा, "शिक्षक नहीं है तो क्या हुआ, पढ़ाई नहीं रुकेगी। बच्चों का साल खराब नहीं होने देंगे।" विभाग ने जल्द ही रिक्त पदों को भरने के लिए निदेशालय को प्रस्ताव भेजने की बात भी कही है। तब तक यह डिजिटल पहल बच्चों के लिए वरदान साबित होगी।
