तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर शुरू
टिब्बी में तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का शुरू
बच्चों को मिलेंगे संस्कार, योग, नैतिक शिक्षा व व्यक्तित्व विकास के गुर
टिब्बी। शहर के वार्ड नंबर 15 स्थित रामदेव मंदिर के पास प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र पर बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का शुरू हुआ। शिविर "सीखें...बढ़ें...मुस्कुराएं" थीम पर आधारित 9 जून तक प्रतिदिन सायंकाल 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
शिविर का शुभारंभ रावतसर सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी निलिमा बहन, स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अनिता बहन, कुलवंत सुथार, सुरजीत खीचड़, रणवीर सिंह एवं पीएलवी प्रभुराम सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी निलिमा बहन ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान मानव जीवन में सकारात्मक गुणों और श्रेष्ठ संस्कारों का विकास करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा इस समर कैंप के माध्यम से बच्चों को संस्कारवान बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए उन्हें खेल-खेल में योग, ध्यान, नैतिक शिक्षा एवं सकारात्मक सोच की सीख दी जाएगी। इससे बच्चों का मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास होगा तथा उनमें अच्छे संस्कार विकसित होंगे। उन्होंने अभिभावकों से अधिकाधिक संख्या में अपने बच्चों को शिविर से जोड़ने का आह्वान किया।
स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अनिता बहन ने बताया कि यह शिविर 8 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित किया गया है। शिविर में प्रेरणादायक प्रसंगों, जीवन मूल्यों, योग एवं ध्यान के साथ-साथ आर्ट एंड क्रिएटिव वर्कशॉप के माध्यम से बच्चों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान बच्चे मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने और व्यक्तित्व विकास की नई विधाएं सीखेंगे।इस मौके पर गोविंद कुमार, रोशन कुमार, रणजीत बैनिवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।


