News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

पंच गौरव-भटनेर उत्सव 2026

पंच गौरव-भटनेर उत्सव 2026

लोक रंग में बिखरे लोक संस्कृति के रंग, देशभर के कलाकारों ने बांधा समां

पंच गौरव-भटनेर उत्सव के दूसरे दिन लोक संगीत, लोक नृत्य और सूफी गायन से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

हनुमानगढ़। जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'पंच गौरव-भटनेर उत्सव-2026' के दूसरे दिन शनिवार सायं हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित 'लोक रंग' सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में गौतम परमार एंड पार्टी (बाड़मेर) ने सूफी एवं लंगा लोक गायन की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। लीला एंड पार्टी (जोधपुर) ने राजस्थानी कालबेलिया लोक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय कलाकार रामकुमार नाथ एंड पार्टी (गोगामेड़ी) ने बीन, बांसुरी एवं भपंग वादन की आकर्षक प्रस्तुति दी।

उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, पटियाला से आई अनूप कुमार एंड पार्टी ने हरियाणा के प्रसिद्ध नूर लोक नृत्य का प्रदर्शन किया, जबकि दीपक कुमार एंड पार्टी ने पंजाब के पारंपरिक भांगड़ा और गिद्धा की जोशीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। 

यूसुफ खान मेवाती एंड पार्टी (अलवर) ने भपंग लोक वादन तथा भगवती एंड पार्टी (बीकानेर) ने चरखुला लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। वर्षा एंड पार्टी (बीकानेर) ने राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक संध्या में हंसवाहिनी संगीत कला मंदिर के बच्चों के साथ ही व्यापार मंडल स्कूल एवं बालिका विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब सराहना प्राप्त की।

'लोक रंग' कार्यक्रम ने हनुमानगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ देश की विविध लोक कलाओं को एक मंच पर प्रस्तुत कर जिला स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, सहायक निदेशक लोक सेवाएं डॉ. दिव्या,   नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेंद्र यादव, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पर्यटन अधिकारी श्री पवन कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

_

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post