पीरकामड़िया में ग्रामीण सेवा शिविर
ग्रामीण सेवा शिविर में परित्यक्ता प्रमाण पत्र जारी,
महिला को पेंशन व पालनहार योजना का लाभ मिलने का खुला मार्ग
टिब्बी। राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। ग्राम पंचायत पीरकामड़िया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान वर्षों से लंबित एक महिला की समस्या का मौके पर समाधान कर उसे बड़ी राहत प्रदान की गई।
शिविर में पन्नीवाली निवासी श्रीमती जन्नत बाई, पुत्री श्री सखी मोहम्मद ने बताया कि विवाह के बाद वह पिछले लगभग 8 से 10 वर्षों से अपने पति से अलग रह रही हैं तथा वर्तमान में अपने पिता के साथ निवास कर रही हैं। आर्थिक तंगी में भी वह सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रही है। उन्होंने अपनी समस्या शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी श्री राधाकृष्ण कड़वासरा तथा सह प्रभारी नायब तहसीलदार श्री पतराम गोदारा के समक्ष रखी।शिविर प्रभारी के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा संबंधित अधिकारियों ने ग्राम पंचायत एवं स्थानीय स्तर पर आवश्यक सत्यापन कर आवेदन किया। इसके उपरांत उपखंड अधिकारी श्री सत्यनारायण सुथार ने महिला को तत्काल परित्यक्ता प्रमाण पत्र जारी कर राहत प्रदान की। साथ ही जन आधार में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण कर सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आवेदन भी करवाया गया।
परित्यक्ता प्रमाण पत्र जारी होने से अब महिला के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना सहित अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें त्वरित राहत प्रदान कर रहा है। इस अवसर पर प्रगति प्रसार अधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार, मंडल अध्यक्ष श्री इन्द्रसेन चाहर, प्रशासक प्रतिनिधि श्री रोहिताश चाहर आदि मौजूद रहे।
