मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव
मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव, जिले के 1746 नवचयनितों को मिले वेलकम किट
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का जिला स्तर सहित ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर हुआ सीधा प्रसारण
हनुमानगढ़। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रदेशभर में लगभग 1.05 लाख करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर 79 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत से तैयार राजस्थान रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित की गई। साथ ही यमुना जल समझौते (MoA), 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला रखी गई तथा प्रदेशभर के 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
हनुमानगढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम महाराजा अग्रसेन भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इसके साथ ही ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) श्री प्रहलाद राय टाक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पारदर्शी रिकॉर्ड सरकारी भर्तियों का उल्लेख करते हुए युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को संवेदनशील होकर आमजन की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों से ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने "ग्रीन ऑफिस, क्लीन ऑफिस" की अवधारणा पर कार्य करने, नियमित बचत की आदत विकसित करने तथा क्षणिक आकर्षणों से बचकर उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया। जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह मीणा ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की जानकारी दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में 1746 नवचयनित अभ्यर्थियों को वेलकम किट प्रदान की गई। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के 139, पंचायती राज विभाग के 22, प्रशासनिक सुधार विभाग के 1471, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के 1, शासन सचिवालय के 21, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के 1, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 1, जयपुर विद्युत वितरण निगम के 4, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के 59, अजमेर विद्युत वितरण निगम के 1, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के 3, राजस्थान पुलिस के 6, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 3, कॉलेज शिक्षा विभाग के 3, कृषि विभाग के 1, सहकारिता विभाग के 2, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के 1 तथा गृह विभाग के 1 अभ्यर्थी शामिल रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्री अमित सहू, श्री प्रमोद डेलू, सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला, नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेंद्र यादव , जनप्रतिनिधि डॉ. भारत भूषण शर्मा, श्री विकास गुप्ता, श्री प्रदीप एरी, श्री चरणदास गर्ग, श्री नंदलाल वर्मा, श्री प्रवीण कटारिया, श्रीमती सरोज लावा, श्री देवेंद्र पारीक, श्री बलवीर बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नवचयनित अभ्यर्थी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी में चयनित नोहर के खरसंडी निवासी श्री राजेश कड़वासरा ने राज्य सरकार तथा मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि समयबद्ध भर्ती और पारदर्शी परीक्षा के कारण उनका चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले ढ़ाई वर्षों में पारदर्शी तथा समयबद्ध परीक्षा होने से सरकारी भर्तियों में चयन होने का आत्मविश्वास बढ़ा है। मेरा सपना राजस्थान प्रशासनिक सेवा में जाने का है, जिसके लिए में उत्साहित हूं और राज्य सरकार द्वारा करवाई जा रही प्रतिवर्ष निष्पक्ष परीक्षा से में आश्वस्त हूं।
_____



