हरियालो राजस्थान अभियान
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिले में 4.52 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित
हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत "हरियालो राजस्थान अभियान" के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त विद्यालयों एवं ब्लॉकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के तहत जिले में कुल 4,52,200 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, हनुमानगढ़ द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 20 जून 2026 से पूर्व पौधारोपण के लिए गड्ढे तैयार किए जाएंगे तथा विद्यालयों के खेल मैदान एवं परिसर के भीतर और बाहर अधिकाधिक पौधारोपण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर अभियान के सुचारु संचालन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शनिवार (नो-बैग-डे/बस्ता मुक्त दिवस) पर पौधों की निगरानी एवं संरक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे पौधों के जीवित रहने की दर बढ़ाई जा सके।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण का दायित्व सौंपा गया है। इनमें नोहर ब्लॉक को 89,779, हनुमानगढ़ को 86,097, पीलीबंगा को 64,614, रावतसर को 63,226, भादरा को 60,489, टिब्बी को 47,201 तथा संगरिया को 40,794 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।
शिक्षा विभाग ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पौधारोपण कर पौधों के संरक्षण एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि हरियालो राजस्थान अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।
