फेफाना में नशा मुक्ति चिकित्सा शिविर का आयोजन
कैम्प में पहुंचे 26 मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच
नशा छोडऩे का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को नोहर खण्ड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) फेफाना में नशा मुक्ति चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 26 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में नशे की लत से ग्रसित व्यक्तियों को उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नशा मुक्ति शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. मनोज डूडी एवं सीएचसी प्रभारी डॉ. भूपेन्द्र सिंह ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया। उन्होंने बताया कि शिविर में पहुंचे 26 मरीजों में से 12 मरीज पहली बार नशा छोडऩे के उद्देश्य से उपचार लेने आए, जबकि पूर्व में उपचार प्राप्त कर चुके 4 मरीज फॉलोअप के लिए पहुंचे। इसके अलावा चिट्टा एवं मेडिकेटिड नशे का सेवन करने वाले 2 मरीजों की विशेष काउंसलिंग की गई। वहीं, नशा छोड़ चुके 2 मरीज भी पुन: काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए शिविर में शामिल हुए।
शिविर के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशा छोडऩे के लिए आवश्यक सावधानियों, उपचार की निरंतरता तथा परिवार के सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया गया। शिविर के समापन पर उपस्थित सभी मरीजों एवं उनके परिजनों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
