जिला स्थापना दिवस
जिला स्थापना दिवस पर 10 से 12 जुलाई तक होगा 'पंच गौरव भटनेर उत्सव'
स्थापना दिवस पर होंगे तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम
12 जुलाई को होगी "सुरमई संध्या" स्टार नाइट
हनुमानगढ़। जिला स्थापना दिवस को हर्षोल्लास एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने आदेश जारी कर बताया कि इस वर्ष 10 से 12 जुलाई, 2026 तक तीन दिवसीय "पंच गौरव भटनेर उत्सव" आयोजित किया जाएगा। समस्त कार्यक्रमों के पर्यवेक्षण एवं समन्वय की जिम्मेदारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद हनुमानगढ़ को सौंपी गई है।
10 जुलाई को होंगे विविध आयोजन
उत्सव का शुभारंभ 32 किलोमीटर की 'तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली' से होगा, जो मसीतावाली हैड से शेरगढ़ तक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 'हनुमानगढ़ गोट टेलेंट', त्रिस्तरीय प्रश्नोत्तरी, लाइव पेंटिंग, संगीत एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर 'नशा मुक्ति तिरंगा सम्मान' कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और मानव श्रृंखला भी आयोजित होगी। शाम को सेंट्रल पार्क, हनुमानगढ़ टाउन में 'रंग-तरंग' सांस्कृतिक संध्या, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, हाट एवं फूड स्टॉल तथा भामाशाह एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम होंगे।
11 जुलाई को गौसेवा, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम
दूसरे दिन 'कामधेनु' गौ सेवा एवं संत समागम का आयोजन होगा। जिला क्लब में प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच क्रिकेट मैच, रस्साकशी तथा अन्य स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। शाम को जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में 'पंच गौरव' विकास प्रदर्शनी तथा सेंट्रल पार्क में 'लोक रंग' सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी।
12 जुलाई को संगोष्ठी और स्टार नाइट
जिला स्थापना दिवस पर "अर्पण" के तहत पूजा अर्चना तथा भटनेर दुर्ग से सेन्ट्रल पार्क तक रन फॉर हनुमानगढ़ का आयोजन होगा। मेडिकल कॉलेज में 'पंच गौरव समृद्धि संवाद' संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें जिले की ऐतिहासिक धरोहर पर चर्चा की जाएगी और किसान सम्मेलन का आयोजन होगा। शाम 7 बजे राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ जंक्शन में भव्य 'सुरमयी संध्या' स्टार नाइट आयोजित होगी।
पूरे जिले में होंगे विशेष आयोजन
तीन दिवसीय उत्सव के दौरान नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावट की जाएगी। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जिलेभर में 32 हजार पौधों का रोपण कर जियो टैगिंग कराई जाएगी। ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा तथा सभी विभागों को उत्सव में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उत्सव को जनभागीदारी का पर्व बनाए।
