सीबीईओ टिब्बी पद पर थोरी ने पदभार किया ग्रहण
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के रूप में शैलेन्द्र कुमार थोरी ने संभाला कार्यभार
बालिका शिक्षा, शैक्षिक गुणवत्ता एवं विद्यालयों में संसाधन विकास रहेगी प्राथमिकता
टिब्बी,l। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) टिब्बी के पद पर शैलेन्द्र कुमार थोरी ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। नोहर निवासी श्री थोरी इससे पूर्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, घड़साना के पद पर कार्यरत थे। वहीं टिब्बी के पूर्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार अरोड़ा का स्थानांतरण मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, नोहर के पद पर हुआ है।
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर प्रधानाचार्य जगदीश कुमार, हरलाल ढाका, विनोद पुनिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री थोरी का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री थोरी ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार टिब्बी ब्लॉक में महिला एवं पुरुष साक्षरता दर के बीच लगभग 12 प्रतिशत से अधिक का अंतर होने के कारण केंद्र सरकार ने इसे शैक्षिक दृष्टि से पिछड़ा ब्लॉक के रूप में चिन्हित किया है। ऐसे में उनकी पहली प्राथमिकता बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना, विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार तथा खेल, स्काउट-गाइड एवं साहित्यिक गतिविधियों जैसी सहशैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहेगी।
उन्होंने कहा कि टिब्बी ब्लॉक का बड़ा क्षेत्र सेमग्रस्त होने के कारण अनेक विद्यालयों में आधारभूत एवं भौतिक संसाधनों की आवश्यकता है। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों का विकास भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
