ब्लॉक स्तरीय नियामक समिति की बैठक
ब्लॉक स्तरीय नियामक समिति की बैठक 21 जुलाई को
विद्यालयों की प्रगति एवं विभिन्न योजनाओं की होगी समीक्षा
टिब्बी। ब्लॉक में समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना 2026 के अंतर्गत अनुमोदित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए ब्लॉक स्तरीय नियामक समिति की बैठक 21 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे पंचायत समिति सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी टिब्बी करेंगे।
बैठक में पंचायत समिति स्तर के विकास अधिकारी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, विद्युत एवं जलदाय विभाग के अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सहकारिता विभाग, ब्लॉक संदर्भदाता साक्षरता एवं सतत शिक्षा सहित समस्त पीईईओ एवं यूसीईईओ को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में विद्यालय भवनों के निर्माण, मरम्मत एवं जर्जर भवनों की स्थिति, अतिरिक्त कक्ष-कक्ष निर्माण, शौचालयों से संबंधित एसडीएमसी प्रस्ताव, व्यावसायिक शिक्षा, आईसीटी लैब, स्मार्ट कक्षाओं, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों की गतिविधियों, सीडब्ल्यूएसएन विद्यार्थियों के लिए संसाधनों के उपयोग, विद्यालय परिसंपत्तियों के सत्यापन, बोर्ड परीक्षा 2025 के परीक्षा परिणामों के विश्लेषण, युवा महोत्सव, छात्रवृत्ति योजनाओं, यू-डाइस, आधार सीडिंग, मासिक उपस्थिति, शाला संबलन के लंबित प्रकरण, शाला दर्पण एवं राज ई-वॉलेट पोर्टल, पीडी खाते एवं वित्तीय संरक्षण, मिड-डे मील, मिशन स्टार्ट तथा विद्यालयों में बिजली, पानी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
उपखंड अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के समस्त कार्मिकों को निर्धारित समय पर आवश्यक सूचनाओं एवं अभिलेखों सहित बैठक में उपस्थित होकर विभागीय प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
