हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने पदभार संभाला
हनुमानगढ़ के नए पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने संभाली कमान
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद ली पहली क्राइम मीटिंग
हनुमानगढ़। जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) बी. आदित्य ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एसपी बी. आदित्य ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ पहली अपराध समीक्षा (क्राइम) बैठक आयोजित की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, गंभीर अपराधों की प्रभावी रोकथाम, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल अपराधों की संवेदनशीलता के साथ जांच तथा आमजन की शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी पुलिस टीम समर्पित भाव से कार्य करेगी।
बैठक के दौरान जिले की अपराध स्थिति, लंबित मामलों की समीक्षा तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। एसपी ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

