जागरूकता रैली से कौशल विकास का दिया संदेश
विश्व युवा कौशल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, कौशल विकास का दिया संदेश
हनुमानगढ़। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हनुमानगढ़ एवं राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सूरतगढ़ रोड पर जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। रैली में प्रशिक्षणार्थियों ने "कौशल भारत, कुशल भारत" तथा "जो कौशल को अपनाएगा, वही सफलता पाएगा" जैसे नारों के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास के प्रति जागरूक किया।
रैली का आयोजन उप निदेशक प्रशिक्षण श्री जीतसिंह यादव के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें राजकीय आईटीआई, अलायंस स्किल्स एजुटेक प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर उप निदेशक प्रशिक्षण श्री जीतसिंह यादव ने कहा कि रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि राजकीय आईटीआई हनुमानगढ़ में वर्तमान सत्र के लिए फिटर, टर्नर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रैक्टर, वेल्डर, प्लम्बर, सोलर टेक्नीशियन, कंप्यूटर हार्डवेयर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा कॉस्मेटोलॉजी ट्रेडों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित समारोह में संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण, प्राविधिक क्षेत्रीय कार्यालय बीकानेर श्री गौरीशंकर नायक मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जिले की कौशल ब्रांड एम्बेसडर श्रीमती तमन्ना को सम्मानित किया गया। समारोह में युवाओं से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

