सीएनजी पंपों की औचक जांच
सीएनजी पंपों की औचक जांच, सभी डिस्पेंसर मानकों के अनुरूप मिले
हनुमानगढ़। उपभोक्ताओं को सही मात्रा में सीएनजी उपलब्ध कराने एवं माप-तौल में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले के विभिन्न सीएनजी पंपों पर विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सभी सीएनजी डिस्पेंसर निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए तथा कहीं भी माप-तौल में कोई अनियमितता नहीं मिली।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी श्री विजय मीणा एवं टेक्नीशियन श्री विकास कुशवाहा ने बताया कि उपभोक्ता मामले विभाग के विशेष अभियान के तहत कुमार ब्रदर्स फिलिंग स्टेशन (हनुमानगढ़ जंक्शन), गंगाधर मोहनलाल फिलिंग स्टेशन (नोहर), श्री श्याम फिलिंग स्टेशन (भादरा) तथा गणपति फिलिंग स्टेशन (डबली राठान) का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएनजी डिस्पेंसर के नोजल से होने वाली गैस की डिलीवरी को फ्लो मीटर के माध्यम से जांचा गया। सभी पंपों पर विधिक माप विज्ञान विभाग का सत्यापन प्रमाण-पत्र निर्धारित स्थान पर प्रदर्शित मिला तथा सभी सीएनजी डिस्पेंसर विधिवत सत्यापित पाए गए।
विधिक माप विज्ञान विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए जिले में ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
