राजकीय विद्यालय भवनों की सुरक्षा ऑडिट
राजकीय विद्यालय भवनों का चार दिवस में सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश
हनुमानगढ़। संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा, बीकानेर संभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (प्रारंभिक एवं माध्यमिक) को निर्देश जारी करते हुए राजकीय विद्यालय भवनों का सुरक्षा ऑडिट आगामी चार दिनों में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा राज्य सरकार के आदेशों की पालना में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
जारी निर्देशों के अनुसार अब तक केवल 25 प्रतिशत विद्यालय भवनों का सुरक्षा ऑडिट हो पाया है। मानसून के आगमन को देखते हुए सभी राजकीय विद्यालयों सहित उन भवनों का भी प्राथमिकता से सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा, जिनमें असुरक्षित विद्यालयों को अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से सुरक्षा परीक्षण कराकर भवनों के सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
संयुक्त निदेशक ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों एवं जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी विद्यालय भवनों का सुरक्षा ऑडिट निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। साथ ही जिन विद्यालय भवनों को पूर्व में जर्जर घोषित कर खाली कराया जा चुका है, उनके नियमानुसार ध्वस्तीकरण (जमींदोज) की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की संभावना को रोका जा सके। शिक्षा विभाग ने निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया है।
