नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जिले में होंगे विविध जागरूकता कार्यक्रम
युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा मंच, नशा मुक्त भारत के संकल्प को मिलेगा जन-जन का समर्थन
हनुमानगढ़। मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक जन-जागरूकता एवं युवा सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती प्रीति ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 22 से 27 जुलाई, 2026 तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 जुलाई है। इनमें माय भारत हनुमानगढ़ द्वारा लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम, पेंटिंग, वाद-विवाद, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन एवं स्लैम पोएट्री जैसी प्रतियोगिताएं शामिल की गई हैं। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा तथा राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिलेभर में नशा मुक्त भारत शपथ, नशा मुक्त मित्र अभियान, यूथ क्लब गठन, पीयर सपोर्ट ग्रुप, ग्राम स्तर पर नशा मुक्त संकल्प सभाएं, विशेषज्ञों के व्याख्यान, फिट इंडिया के अंतर्गत खेल गतिविधियां, सिग्नेचर वॉल, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान तथा अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंच सके।
अभियान में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि में माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला युवा अधिकारी ने जिले के सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों, युवा क्लबों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, स्वयंसेवी संगठनों तथा युवा स्वयंसेवकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत का निर्माण तभी संभव है, जब युवा स्वयं आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें। उन्होंने जिले के समस्त युवाओं एवं नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में अभियान से जुड़ने तथा "नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" के राष्ट्रीय संकल्प को सफल बनाने का आह्वान किया।
अधिक जानकारी के लिए माय भारत हेल्पलाइन 14472 अथवा 8168285185 तथा ई-मेल mybharathanumangarh@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
