विभागीय योजनाओं की समीक्षा
बजट घोषणाओं और आमजन की परिवेदनाओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की प्रगति, फॉलोअप शिविर, बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं तथा जर्जर भवनों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि बजट घोषणाओं, बड़े विकास प्रोजेक्टों एवं महत्वपूर्ण योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तरीय व्हाट्सएप चैनल एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
बैठक में विद्यालयों के जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अत्यधिक जर्जर भवनों को ध्वस्त करने, मरम्मत योग्य भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा आवश्यक प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को यूरिया एवं डीएपी की उपलब्धता तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदनों के सर्वे कार्य में तेजी लाने, संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा राज-काज ई-फाइल के निस्तारण की अवधि कम करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना ने वीसी के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारियों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ जलभराव की स्थिति से निपटने तथा मानसून को लेकर उचित तैयारियों की समीक्षा भी की।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद बिश्नोई, एडीपीसी डॉ. दिव्या, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री देशराज बिश्नोई, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती आकाशदीप सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


